🔴 अररिया में सनसनी: एकतरफा प्यार में युवती की गोली मारकर हत्या
घर में शादी की चल रही थी तैयारी, उसी दिन आने वाले थे लड़के वाले
परिवार खेत से लौटा तो खून से लथपथ मिली बेटी, एकतरफा प्यार ने उजाड़ दिया पूरा घर
बिहार के अररिया जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। फारबिसगंज थाना क्षेत्र के गोराघाट वार्ड नंबर-1 में कथित एकतरफा प्यार में एक सिरफिरे युवक ने घर में घुसकर युवती चांदनी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय चांदनी घर में अकेली थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य खेत में काम करने गए हुए थे। इसी दौरान आरोपी युवक घर में घुस गया और चांदनी को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली लगते ही युवती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जब परिवार के लोग खेत से वापस लौटे तो घर के अंदर का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। बेटी खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थी। यह दृश्य देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई। घटना की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक लंबे समय से युवती को परेशान कर रहा था और कथित रूप से एकतरफा प्यार करता था। परिवार ने इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया था। सबसे दर्दनाक बात यह है कि जिस दिन यह घटना हुई, उसी दिन चांदनी को देखने लड़के वाले आने वाले थे और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। लेकिन खुशियों से भरे उस घर में कुछ ही पलों में मातम छा गया।
घटना की सूचना मिलते ही फारबिसगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में डर और गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।