Skip to Content

बेनिपट्टी में मॉर्निंग वॉक पर निकले अधेड़ को तेज रफ्तार वाहन ने कुचला, मौके पर मौत

बेहटा गांव निवासी किशुन यादव की दर्दनाक मौत, आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगाया, मुआवजा व कानूनी कार्रवाई की मांग

बेनिपट्टी थाना क्षेत्र से एक बड़ी व दुखद खबर सामने आई है। अनुमंडल मुख्यालय से आगे बनकट्टा रोड पर गुरुवार की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति को तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान बेहटा गांव वार्ड 10 निवासी 60 वर्षीय किशुन यादव के रूप में हुई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशुन यादव रोजाना की तरह सुबह अपने दो साथियों के साथ टहलने निकले थे। प्रत्यक्षदर्शी और उनके साथ चल रहे एक व्यक्ति ने बताया कि "हम तीन लोग साथ चल रहे थे, किशुन दाहिनी तरफ थे, मैं बीच में और एक साथी बाईं ओर। अचानक बेनीपट्टी की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार चारपहिया वाहन, जो बसैठ की ओर जा रही थी, ने पीछे से ज़ोरदार टक्कर मारी।"

टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों को ज़ोर का झटका लगा। जब तक लोग कुछ समझ पाते, वाहन मौके से फरार हो चुका था। साथी ने आगे बताया, "घटना के बाद किशुन यादव नजर नहीं आए, खोजने पर वे सड़क किनारे लकड़ी के सिल्ले के पास बेसुध मिले। पास जाकर देखा तो उनकी सांसे थम चुकी थीं।"

घटना सुबह करीब 4:45 बजे की बताई जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही किशुन यादव के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, डायल 112 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची है।

स्थानीय लोगों ने घटना से आक्रोशित होकर सड़क पर लकड़ी का सिल्ला रखकर सड़क जाम कर दिया है। ग्रामीणों की मांग है कि मृतक परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए तथा तेज रफ्तार वाहन और उसके चालक की तत्काल गिरफ्तारी कर कानूनी कार्रवाई की जाए।

फिलहाल पुलिस मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हुई है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया चल रही है।

Media, Mukesh kumar sahni 24 April 2025
Share this post
Archive
Sign in to leave a comment
मुजफ्फरपुर जंक्शन पर 19 किलो गंजा के साथ महिला और पुरुष तस्कर गिरफ्तार
रेल पुलिस के विशेष अभियान में बड़ी कामयाबी, 2.5 लाख रुपए की गंजा बरामद