
पूर्व विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह पर बुधवार देर शाम जानलेवा हमला हुआ है। गैंगस्टर सोनू-मोनू ने 60 से 70 राउंड फायरिंग की। जवाब में अनंत सिंह के समर्थकों ने भी गोली चलाई। हालांकि हमले में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। अनंत सिंह मोकामा विधानसभा क्षेत्र के नौरंगा गांव के दौरे पर थे। तभी हमला हुआ।
दो दिन पहले सोनू-मोनू के भट्ठे पर काम करने वाले मुंशी मुकेश कुमार अपने बकाया पैसे मांगने गैंगस्टर भाइयों के पास पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों ने मुंशी के साथ मारपीट की और उसे घर से बाहर करके ताला लगा दिया था। अनंत सिंह सोमवार को इसी मामले में पंचायती कराने गए थे। इस दौरान अनंत सिंह ने सोनू-मोनू से कहा कि, मुकेश के घर का ताला खोल दो। लेकिन वे नहीं माने।
इसके बाद अनंत सिंह बुधवार देर शाम अपने समर्थकों के साथ फिर से नौरंगा गांव में विवाद सुलझाने पहुंचे। उन्हें देखते ही गैंगस्टर भाइयों सोनू-मोनू ने फायरिंग शुरू कर दी।
गोलीबारी में अनंत सिंह बाल-बाल बचे। घटना के बाद दोनों फरार हो गए हैं। इलाके में तनाव का माहौल है। नौरंगा गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। ग्रामीण एसपी विक्रम सिहाग मौके पर हैं।