जयनगर अनुमंडल अंतर्गत लदनियां थाना परिसर में शनिवार को ग्राम रक्षा दल के जवानों के बीच परिचय पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता लदनियां थानाध्यक्ष श्री अनूप कुमार ने की, जबकि बिहार ग्राम रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष राम प्रसाद राऊत विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्राम रक्षा दल के जवान एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
इस दौरान थानाध्यक्ष अनूप कुमार ने ग्राम रक्षा दल के जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में ग्राम रक्षा दल की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने जवानों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में रात्रि गश्ती को और अधिक तेज किया जाए ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों पर समय रहते नियंत्रण पाया जा सके।
थानाध्यक्ष ने सूचना तंत्र को मजबूत करने पर विशेष बल देते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अप्रिय घटना की जानकारी तुरंत थाना प्रशासन तक पहुंचाई जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परिचय पत्र का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं बिहार Gram Raksha Dal के प्रदेश अध्यक्ष राम प्रसाद राऊत ने जवानों से थाना प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्राम रक्षा दल के जवान ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी कई मांगें लंबित हैं।
उन्होंने बिहार सरकार से ग्राम रक्षा दल के जवानों को मानदेय देने तथा स्थाईकरण की मांग को जल्द पूरा करने की अपील की। साथ ही कहा कि सरकार को ग्राम रक्षा दल के जवानों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान जवानों में काफी उत्साह देखा गया। परिचय पत्र मिलने के बाद जवानों ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने का भरोसा दिलाया।