जयनगर: बेमौसम बारिश से बर्बाद फसलों का मुआवजा दे सरकार, वरना होगा बड़ा आंदोलन — CPIM
अंचल कर्मियों की हड़ताल से किसान हलकान, बिहार सरकार हर मोर्चे पर विफल: कॉमरेड उपेन्द्र यादव जयनगर (मधुबनी): भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) जयनगर लोकल कमिटी के तत्वावधान में खैरामाट (ग) ब्रांच में एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पड़वा बेलही पंचायत और बेलही दक्षिणी पंचायत के सभी चार ब्रांचों के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। बैठक की अध्यक्षता कॉमरेड सुकेन्द्र प्रसाद ने की, जबकि संचालन और देख-रेख जिला सचिव मंडल सदस्य कॉमरेड रामजी यादव, लोकल कमिटी सचिव कुमार राणा प्रताप सिंह और पूर्व सचिव कॉमरेड उपेन्द्र यादव ने संयुक्त रूप से किया।
Our latest content
Check out what's new in our company !
किसानों की बदहाली पर जताया क्षोभ
बैठक को संबोधित करते हुए लोकल कमिटी सचिव कुमार राणा प्रताप सिंह ने कहा कि जयनगर प्रखंड सहित पूरे जिले में बेमौसम बारिश और भीषण ओलावृष्टि से किसानों की कमर टूट गई है। उन्होंने दावा किया कि 60 प्रतिशत से अधिक फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि कृषि विभाग जल्द से जल्द क्षति का सही आकलन करे और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा प्रदान करे।
प्रशासन को आंदोलन की चेतावनी
जिला सचिव मंडल सदस्य कॉमरेड रामजी यादव ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने समय रहते फसलों की क्षति का आकलन कर किसानों को राहत नहीं पहुंचाई, तो पार्टी पूरे प्रखंड में व्यापक जन-आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस आंदोलन से उत्पन्न किसी भी परिस्थिति की पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
सरकारी तंत्र पर हमला
पूर्व सचिव कॉमरेड उपेन्द्र यादव ने वर्तमान प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अंचल अधिकारी (CO) और कर्मचारियों की हड़ताल के कारण आम जनता और किसान दर-दर भटक रहे हैं। जमीन संबंधी सभी सरकारी कार्य पूरी तरह ठप पड़ गए हैं, जिससे अराजकता का माहौल है। उन्होंने कहा कि बिहार की वर्तमान सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है।
संगठनात्मक निर्देश
सचिव कुमार राणा प्रताप सिंह ने पार्टी के आंतरिक कार्यों पर चर्चा करते हुए कहा कि वर्ष 2026 के लिए पार्टी नवीकरण की अंतिम तिथि 30 मार्च निर्धारित की गई है। उन्होंने सभी ब्रांचों को निर्देश दिया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर नवीकरण का कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिया जाए।
बैठक में मुख्य उपस्थिति
इस अवसर पर कॉमरेड राम कुमार यादव, पवन कुमार यादव, हरे कृष्ण यादव, रास लाल यादव, विजेन्द्र यादव, राम राज यादव, राम विलास ठाकुर, राम चरित्र यादव, राम पुकार यादव, देव नारायण यादव, वॉधु शरण यादव समेत दर्जनों सक्रिय कार्यकर्ता और साथी उपस्थित रहे।